You are currently viewing जालंधर ग्रेनेड हमला: पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार, पुलिसकर्मी का बेटा भी शामिल

जालंधर ग्रेनेड हमला: पुलिस ने दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार, पुलिसकर्मी का बेटा भी शामिल

जालंधर: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नवदीप सिंह संधू उर्फ ​​रोजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने शनिवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक पुलिस कर्मचारी का 21 वर्षीय बेटा भी शामिल है।

जालंधर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी गुरमीत सिंह आज इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करेंगे। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इन दोनों को जालंधर ग्रामीण पुलिस के सीआईए स्टाफ ने गिरफ्तार किया है।

गौरतलब है कि इससे पहले पुलिस ने इस मामले में मुठभेड़ के बाद एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन पांच आरोपियों में दो मुख्य हमलावर और तीन लॉजिस्टिक सपोर्ट प्रदान करने वाले शामिल थे। गिरफ्तार महिला ने अपने घर पर फेंकने के लिए इस्तेमाल किए गए ग्रेनेड को छिपा रखा था। पुलिस ने यह दोनों मुठभेड़ें 15 घंटे के अंतराल में की थीं।

यह ग्रेनेड हमला रविवार सुबह 4 बजे से 4:15 बजे के बीच नवदीप सिंह संधू के घर पर हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। अब तक इस मामले में कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Jalandhar grenade attack: Police arrested two more accused, policeman’s son also included