अयोध्याः शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन तथा कद्दावर मुस्लिम नेता वसीम रिजवी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रियंका और राहुल मुस्लिम है। यही नहीं, उन्होंने कहा कि प्रियंका खूबसूरत हैं और अगर वह पहले राजनीति में आतीं तो वह उन्हें फिल्म में जफर खान की बहू का रोल दे देते। यहां तक की उन्होंने स्वर्गीय इंदिरा गांधी के परिवार को मुस्लिम तक करार दे डाला।
वसीम रिजवी ने कहा कि भगवान राम का मंदिर अयोध्या में ही बनेगा। अगली बार मैं तभी दर्शन करने आऊंगा जब भव्य मंदिर बन जाएगा। वहीं, निर्मोही अखाड़ा द्वारा मध्यस्थता स्थल बदलने की याचिका पर वसीम रिजवी ने कहा कि वार्ता के लिए अयोध्या से ज्यादा सुरक्षित स्थान कोई नहीं है।
इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव शरद शुक्ला ने कहा कि इस बयान से मुझे व्यक्तिगत, पार्टी कार्यकर्ताओं और समस्त महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इस बयान से देश सभी महिलाओं का भी अनादर हुआ है। साथ ही यह टिप्पणी आचार संहिता का उल्ल्घंन भी है। इसके लिए उन्होंने मुकदमा दर्ज करने के लिए पत्र भी दिया है।