लुधियाना: समाज में बेटा-बेटी में फर्क करने की मानसिकता ने एक बार फिर एक जघन्य अपराध को जन्म दिया है। पंजाब के लुधियाना में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसने एक बेटी को जन्म दिया था। इस निर्मम वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह दर्दनाक घटना लुधियाना के जमालपुर इलाके की है। आरोपी पति अमित कुमार ने अपनी पत्नी प्रियंका को मौत के घाट उतार दिया। प्रियंका का ‘कसूर’ सिर्फ इतना था कि उसने शादी के करीब तीन साल बाद एक बच्ची को जन्म दिया था, जबकि अमित को बेटा चाहिए था। बेटी पैदा होने से नाराज अमित ने गुस्से में आकर पत्नी का गला घोंट दिया।
हत्या को छिपाने के लिए आरोपी अमित कुमार ने एक शातिर चाल चली। उसने ताजपुर रोड इलाके में रहने वाली अपनी साली को फोन कर बताया कि प्रियंका की तबीयत खराब हो गई है। जब प्रियंका के मायके वाले उसके घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि प्रियंका मृत पड़ी है और उसके गले पर गहरे निशान थे, जिससे उन्हें हत्या का शक हुआ।
मायके वालों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना जमालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रियंका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक प्रियंका के भाई त्रिभुवन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अमित कुमार के खिलाफ हत्या (धारा 302) का मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
थाना जमालपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार मूल रूप से उत्तरप्रदेश के महाराजगंज जिले के गांव सनौली का रहने वाला है। वह प्रियंका के साथ जमालपुर में किराए के मकान में रह रहा था और दिहाड़ी मजदूरी करता है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अमित को बेटे की चाहत थी और वह अक्सर प्रियंका पर बेटा पैदा करने का दबाव बनाता था। करीब एक महीना पहले जब प्रियंका ने बेटी को जन्म दिया, तो अमित बेहद नाराज रहने लगा था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था और आरोपी प्रियंका को ताना मारता था कि उसे बेटा चाहिए था लेकिन उसने बेटी को जन्म दिया।
बीते दिन भी अमित का प्रियंका के साथ इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और गुस्से में उसने प्रियंका का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर ससुराल वालों को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, गले पर मिले निशानों ने उसके झूठ का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
View this post on Instagram
husband gave a horrific punishment to his wife for giving birth to a daughter