जालंधर: पंजाब के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया के आवास पर हुए आतंकी हमले के मामले में केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) जल्द ही इस मामले की जांच के लिए जालंधर आ सकती है। सुरक्षा एजेंसियों ने घटना से जुड़े सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं, ताकि गहनता से छानबीन की जा सके।
पंजाब पुलिस के सूत्रों ने बताया कि इस मामले में दिल्ली से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी दिल्ली में हुई है, जिसके बाद जालंधर सिटी पुलिस की टीमें उन्हें लेने के लिए रवाना हो गई हैं। हालांकि, पंजाब पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
मनोरंजन कालिया ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर अपना चेहरा ढके हुए थे। आज भी उनसे मिलने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पहुंच रहे हैं। कल यानी मंगलवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस उन्हें रिमांड पर लेने की प्रक्रिया करेगी।
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री के किराए पर लिए गए एक ई-रिक्शा पर सवार होकर आए हमलावरों ने 7-8 अप्रैल की रात लगभग 1 बजकर 3 मिनट पर उनके घर पर एक हैंड ग्रेनेड फेंका था। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। घटना के समय पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया अपने परिवार के साथ घर में ही मौजूद थे।
जालंधर पुलिस ने इस हमले के 12 घंटे के भीतर ही ग्रेनेड फेंकने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इन आरोपियों की पहचान रविंदर कुमार, निवासी सुभाना रोड, गढ़ा (जालंधर) और सतीश उर्फ काका उर्फ लक्का, निवासी भार्गव कैंप (जालंधर) के रूप में हुई थी। इन दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दिल्ली से दो और संदिग्धों को अपनी गिरफ्त में लिया है।
View this post on Instagram
Two more accused arrested from Delhi airport in Manoranjan Kalia case