You are currently viewing जालंधर के करियर स्टार ट्रैवल एजेंसी का कारनामा, रोमानिया के लिए वर्क परमिट का झासा देकर 21 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया अर्मीनिया- मालिक के खिलाफ FIR दर्ज

जालंधर के करियर स्टार ट्रैवल एजेंसी का कारनामा, रोमानिया के लिए वर्क परमिट का झासा देकर 21 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया अर्मीनिया- मालिक के खिलाफ FIR दर्ज

जालंधर: जालंधर के मोता सिंह नगर मार्केट स्थित करियर स्टार एसोसिएट्स के मालिक विशु अरोड़ा पर पुलिस ने ठगी का केस दर्ज किया है। विशु ने एक बेरोजगार युवक को वर्क परमिट पर रोमानिया भेजने का झांसा दिया। इसके बदले उससे 2.80 लाख रुपए ले लिए। फिर उसका अर्मीनिया का 21 दिन का टूरिस्ट वीजा लगवा दिया। करीब 5 महीने वहां धक्के खाने के बाद युवक वापस लौटा और पुलिस को शिकायत दी। जिसके बाद विशु अरोड़ा के खिलाफ ठगी व ट्रैवल एक्ट का केस दर्ज कर लिया गया है।

2 साल का वर्क परमिट व 50 हजार वेतन का दिया झांसा
शहीद भगत सिंह नगर के राहो में सब्जी मंडी रोड पर रहने वाले जरनैल सिंह ने बताया कि वह रोजगार की तलाश कर रहा था। उसे दोस्त से पता चला कि विशु अरोड़ा उर्फ विशु गाबा लोगों को विदेश भेजता है। वह भी इसके ऑफिस में आकर मिला। उसने कहा कि उसे 50 हजार रुपए प्रति महीने रोमानिया में वेतन मिलेगा। उसका 2 साल का वर्क परमिट होगा। जिसके बाद जरनैल ने उसे रुपए दे दिए।

अर्मीनिया से कॉल की तो पहले बोला, वर्क परमिट बना दूंगा, फिर फोन उठाना बंद किया
अर्मीनिया पहुंचने पर उसे पता चला तो उसने विशु को फोन किया। पहले तो वो कहता रहा कि जल्दी उसका वहां वर्क परमिट लगवा देगा और उसे काम मिल जाएगा। बाद में उसने फोन उठाना ही बंद कर दिया। करीब 5 महीने बाद वह बुरे हालात में वहां से भारत लौट आया। वह वापस आकर विशु से मिला तो उसने मान लिया कि उसने फ्रॉड किया है। उसने कहा कि पुलिस को शिकायत न करे, वो रुपए लौटा देगा, लेकिन रुपए नहीं मिले। जिसके बाद वो पुलिस के पास पहुंचा।

पुलिस ने शिकायत की जांच की तो पता चला कि विशु अरोड़ा पहले मुकर गया कि उसने सिर्फ एयर टिकट करवाकर दी थी। वह किस एजेंट के जरिए अर्मीनिया गया, उसे नहीं पता। पुलिस को उसके जवाब तसल्लीबख्श नहीं लगे। उसके खिलाफ अजय नामक युवक ने भी ठगी की शिकायत दी है। ऐसे में पुलिस ने विशु के खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश कर दी।

The feat of Jalandhar’s Career Star Travel Agency, Rs 2.80 lakh on the pretext of a work permit to Romania and sent to Armenia on a 21-day tourist visa – FIR registered against the owner