सिरसा: लद्दाख के सियाचिन ग्लेशियर में तैनात हरियाणा के सिरसा जिले के एक जवान सूबेदार बलदेव सिंह शहीद हो गए हैं। बलदेव सिंह की तैनाती उत्तरी ग्लेशियर की कुमार पोस्ट पर थी। ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका निधन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान बलदेव सिंह ने उल्टी, घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत की थी। उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों द्वारा इलाज के दौरान सुबह करीब 11 बजे उनकी हालत और बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
शहीद बलदेव सिंह मूल रूप से सिरसा जिले के झोपड़ा गांव के रहने वाले थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ एयर फोर्स सिरसा के सामने स्थित बीरपुर कॉलोनी में रह रहे थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चों के अलावा एक भाई भी है।
पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि बलदेव सिंह मार्च 2001 में सेना की 18 JAK RIF यूनिट में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। करीब एक साल पहले ही उन्हें पदोन्नत कर सूबेदार बनाया गया था।
उत्तरी कमान के प्रमुख सहित अन्य सैन्य अधिकारियों ने शहीद बलदेव सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है। सैन्य सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान के लिए रवाना कर दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि शहीद का पार्थिव शरीर सोमवार दोपहर तक सिरसा पहुंचेगा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना से गांव और परिवार में शोक की लहर है।
View this post on Instagram
Sirsa’s son martyred in Siachen, his health deteriorated