चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने राज्य के सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने पांच प्रमुख शहरों में इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बनाई है और इसके लिए 347 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इन 347 बसों में से अमृतसर, जालंधर और लुधियाना प्रत्येक शहर के लिए 100 बसें खरीदी जाएंगी, जबकि पटियाला शहर के लिए 50 बसें खरीदी जाएंगी। मंत्री बसों की खरीद को लेकर अधिकारियों के साथ एक बैठक कर रहे थे, जिसमें उन्होंने यह घोषणा की।
डॉ. रवजोत सिंह ने यह भी बताया कि पंजाब सरकार मोहाली क्लस्टर के लिए भी इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने पर काम कर रही है। इस क्लस्टर में खरड़, कुराली, जीरकपुर, मुल्लांपुर, डेराबस्सी और बनूड़ जैसे शहर शामिल होंगे। पंजाब म्युनिसिपल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (पीएमआईडीसी) द्वारा मोहाली के लिए इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की संभावनाओं का अध्ययन पहले ही पूरा कर लिया गया है।
मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें शहरवासियों को आरामदायक और विश्वसनीय परिवहन सेवाएं प्रदान करेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब सरकार की ये पहलें न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि नागरिकों को आधुनिक, सुविधाजनक और कुशल शहरी परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण हैं।
केंद्र सरकार भी इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देने के पक्ष में है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हाल ही में चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकारियों के साथ एक बैठक की थी, जिसमें सभी राज्यों ने इलेक्ट्रिक बसों के लिए प्रस्ताव रखे थे। केंद्रीय मंत्री ने इस परियोजना में हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
View this post on Instagram
Punjab government took a big step towards strengthening the transport system