कैथलः कैथल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की सरेआम दिन दिहाड़े पांच लोगों ने मिलकर हत्या कर दी लेकिन भीड़-भाड़ वाले इस इलाके में सुनील की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। सब लोग खड़े-खड़े तमाशा देखते रहे। आरोपी भागने लगे तो कॉलेज के स्टूडेंट ने 2 को पकड़ भी लिया लेकिन आसपास के लोग उन्हें भी पकड़ नहीं पाए और वे भी फरार हो गए।
नरड़ गांव का रहने वाला सुनील 4 व्हीलर गाड़ी चलाता था, जिसमें अपने गांव नरड़ से कैथल की सवारियां लाता, ले जाता था।परिवार वालों का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। शुक्रवार दोपहर को गांव से सवारियां लेकर आया था, उन्हें बस स्टैंड छोड़कर चंदाना गेट पर समान लेने जा रहा था। सुनील अपनी गाड़ी लेकर 11 रुद्री मंदिर के नजदीक पहुंचा था, तभी यहां पांच लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और बिना कुछ बताए बताए उसे नीचे उतारा और पीटना शुरू कर दिया। किसी के हाथ में लाठी, किसी के हाथ में डंडा तो एक के हाथ में बर्फ तोड़ने का सूआ था। सभी सुनील पर टूट पड़े। सुनील चिल्लाता रहा लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन वग बच नहीं सका।
घटनास्थल पर पहुंची सिटी पुलिस सुनील को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर सिटी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।