नई दिल्लीः राजस्थान में मायावती को बड़ा झटका लगा है। राज्य में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के सभी छह विधायकों ने कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली है। रात 10:30 बजे सभी विधायक विधानसभा पहुंचे और कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस में शामिल एक विधायक ने कहा कि उन्होंने ऐसा अपने-अपने क्षेत्र के विकास के लिए किया है। इन विधायकों में राजेन्द्र गुढा (विधायक, उदयपुरवाटी), जोगेंद्र सिंह अवाना (विधायक, नदबई), वाजिब अली (विधायक, नगर), लाखन सिंह मीणा (विधायक, करोली), संदीप यादव (विधायक, तिजारा) और बसपा विधायक दीपचंद खेरिया शामिल हैं।
कांग्रेस में शामिल हुए बीएसपी विधायक जोगिंदर सिंह ने बताया कि वे सभी 6 विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वह बोले, ‘यहां हमारे सामने बहुत सी परेशानियां हैं। एक तरफ हम उनकी सरकार का समर्थन कर रहे हैं और दूसरी तरफ हम उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।’ जोगिंदर सिंह अवाना ने आगे कहा, ‘ऐसे में अपने क्षेत्र के विकास के बारे में सोचते हुए, अपने लोगों का भला सोचने हुए हमने यह कदम उठाया है।’
बहुजन समाज पार्टी के सभी छह विधायकों ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष को इसके संबंध में एक पत्र भी सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी ने इसकी पुष्टि की।