You are currently viewing जालंधर पुलिस को बड़ी सफलता, यूट्यूबर के घर ग्रेनेड हमले में एक और गिरफ्तारी, चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पकड़ा गया 7वां आरोपी

जालंधर पुलिस को बड़ी सफलता, यूट्यूबर के घर ग्रेनेड हमले में एक और गिरफ्तारी, चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पकड़ा गया 7वां आरोपी

जालंधर: यूट्यूबर नवदीप सिंह उर्फ रोजर संधू के घर पर हुए हमले के मामले में जालंधर देहात पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। पुलिस ने कल यानी रविवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से सातवें आरोपी को धर दबोचा। देहात पुलिस की सीआईए स्टाफ के इंचार्ज पुष्प बाली के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मनिंदर उर्फ बॉबी के रूप में हुई है।

इस बारे में जानकारी रविवार रात पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने साझा की। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जालंधर देहात पुलिस की टीम ने आरोपी को चंडीगढ़ एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। आरोपी को आज (सोमवार) कोर्ट में पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि रोजर संधू के घर पर ग्रेनेड हमला करने का मुख्य आरोपी हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला हार्दिक कंजोब है। उसे पहले ही उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस जब जालंधर में उससे हथियार बरामद करने पहुंची, तो उसने पुलिस पर गोली चला दी थी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया था।

हार्दिक से पूछताछ के बाद पुलिस ने कपूरथला के रहने वाले अमितप्रीत सिंह को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया था। अमितप्रीत सिंह ने भी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की थी, जिसके चलते पुलिस को गोली चलानी पड़ी थी। इस मामले में पहले ही दो अन्य साथियों और एक महिला को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार महिला की पहचान लक्ष्मी निवासी खांबड़ा और अमित के दो अन्य साथियों की पहचान धीरज और पांडेय के रूप में हुई थी।

jalandhar-police-got-a-big-success-one-more-arrest-in-the-grenade-attack