चंडीगढः रविवार को हरियाणा के उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले दुष्यंत चौटाला के लिए बड़ी खुशखबरी है। उनके पिता अजय चौटाला को तिहाड़ जेल से 14 दिनों की छुट्टी मिल गई है। वह रविवार को जेल से बाहर आएंगे। तिहाड़ के डीजी ने कहा, अजय चौटाला को दो हफ्तों की फरलो दी गई है और वह आज शाम या कल सुबह बाहर होंगे।
अजय चौटाला जेल से बाहर आने के बाद अब वह अपने बेटे दुष्यंत चौटाला की शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं। पिता को मिली फरलो पर दुष्यंत ने कहा, ‘कल आचार संहिता खत्म होने के बाद उन्हें 14 दिन की फरलो दी गई है। इस परिवर्तन की नींव के अंदर वो हमारे कंधों को ताकत देंगे तो मेरे लिए उससे बड़ी खुशी की बात कुछ नहीं है।’
आपकी जानकारी के लिए बता दें, अजय चौटाला हरियाणा में शिक्षक भर्तियों से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में 10 साल की सजा काट रहे हैं। 17 नवंबर, 2018 को पार्टी से निकाले जाने से पहले वह इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) के सदस्य थे।