You are currently viewing 13 साल के लड़के के साथ हैवानियत, जबरन करवाया लिंग परिवर्तन, कई बार किया कुकर्म- मंगवाई भीख

13 साल के लड़के के साथ हैवानियत, जबरन करवाया लिंग परिवर्तन, कई बार किया कुकर्म- मंगवाई भीख

नई दिल्ली: दिल्ली के गीता नगर कॉलोनी इलाके में 17 वर्षीय एक लड़के का चार वर्ष पहले कथित तौर पर लिंग परिवर्तन के लिए जबरन ऑपरेशन कराया गया और कुछ लोगों ने कई बार उसके साथ कुकर्म किया। दिल्ली महिला आयोग ने शुक्रवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया कि लड़के की कुछ लोगों से मुलाकात चार वर्ष पहले एक कार्यक्रम में हुई थी। वे लोग उस लड़के को नृत्य सिखाने और काम दिलाने के नाम पर मंडावली ले गए।

इसमें कहा गया कि शुरुआत में उसने कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और इसके लिए उसे कुछ पैसे भी मिले, लेकिन कुछ वक्त बाद वे लोग उसपर दबाव बनाने लगे और कहने लगे कि वह अब उन्हें छोड़कर घर नहीं जा सकता तथा उसे उन्हीं लोगों के साथ मंडावली में ही रहना होगा। बयान में कहा गया कि लड़के को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। लिंग परिवर्तन के लिए लड़के का जबरन ऑपरेशन कराया गया और उस वक्त उसकी उम्र मात्र 13 वर्ष थी। लड़के ने कहा कि उसे हार्मोन्स की कुछ ऐसी दवाएं दी गईं जिससे वह लड़कियों जैसा दिखने लगे।

बयान में कहा गया कि आरोपियों ने लड़के से कई बार दुष्कर्म किया और उससे सड़कों पर भीख भी मंगवाई। इसमें कहा गया कि कुछ माह बाद उसके जानने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी मंडावली लाया गया और उसे भी शारीरिक प्रताड़ना दी गई तथा यौन शोषण किया गया। आरोपी उसका भी ऑपरेशन कराने की फिराक में थे। बयान में कहा गया कि पिछले वर्ष मार्च में लॉकडाउन के दौरान दोनों किसी तरह भागने में सफल रहे और लड़का अपनी मां के पास पहुंच गया। मां ने दोनों लोगों को किराए पर मकान लेकर दिया, लेकिन आरोपी उनको तलाशते हुए वहां भी पहुंच गए और उनके साथ मारपीट कर उन्हें वापस मंडावली ले गए।