You are currently viewing पंजाब में किसान और पुलिस प्रशासन आमने-सामने, टकराव के दौरान कई किसानों की पगड़ियां उतरी; 8 घायल- माहौल तनावपूर्ण

पंजाब में किसान और पुलिस प्रशासन आमने-सामने, टकराव के दौरान कई किसानों की पगड़ियां उतरी; 8 घायल- माहौल तनावपूर्ण

गुरदासपुर: गुरदासपुर जिले के श्रीहरगोबिंदपुर साहिब के पास नंगलझोर गांव में आज उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर किसान और पुलिस प्रशासन आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई हिंसक झड़प में आठ किसान घायल हो गए, और कुछ किसानों की पगड़ियां भी उतर गईं। गुस्साए किसानों ने सरकार और पंजाब पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद श्रीहरगोबिंदपुर साहिब से गुजर रहे एक हाईवे के निर्माण को लेकर है। किसान नेताओं का कहना है कि सरकार इस हाईवे के लिए उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहती है, जिसका किसान विरोध कर रहे हैं। इसी मुद्दे पर बातचीत के लिए इकट्ठा हुए किसानों और पुलिस प्रशासन के बीच आज झड़प हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प के दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कई किसानों को चोटें आईं। आठ किसानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी पहचान परमिंदर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह (निवासी चीमा खुड्डी), अजैब सिंह पुत्र मंगल सिंह (निवासी चीमा खुड्डी), गुरमुख सिंह पुत्र हरबंस सिंह (निवासी कान मल्लक), हरजीत सिंह पुत्र हरपाल सिंह (निवासी नील कलां), अजीत सिंह पुत्र किशन सिंह (निवासी गांव भर्थ), निशान सिंह पुत्र अवतार सिंह (निवासी भिट्टेवड्ड) और अजीत सिंह पुत्र तरलोक सिंह (निवासी भिट्टवड्ड) के रूप में हुई है। इलाज के लिए उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है।

झड़प के बाद किसान नेता आक्रोशित हो गए और उन्होंने सरकार पर मनमानी करने का आरोप लगाया। किसान नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे सरकार की मनमानी को किसी भी कीमत पर चलने नहीं देंगे और अपनी जमीन का अधिग्रहण नहीं होने देंगे। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

Farmers and police administration face to face in Punjab