You are currently viewing जालंधर में गांधी वनिता आश्रम पहुंचे डीसी घनश्याम थोरी, लड़कियाें के लिए आत्म-रक्षा प्रशिक्षण शिविर लगाने के आदेश

जालंधर में गांधी वनिता आश्रम पहुंचे डीसी घनश्याम थोरी, लड़कियाें के लिए आत्म-रक्षा प्रशिक्षण शिविर लगाने के आदेश

जालंधरः जालंधर के जिला उपायुक्त घनश्याम थोरी ने आज गांधी वनिता आश्रम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को चिल्ड्रेन होम फार गर्ल्स की 18 साल से कम उम्र की लड़कियाें को आत्म-रक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए आश्रम के अंदर ही प्रशिक्षण शिविर लगाने के निर्देश दिए।

गांधी वनिता आश्रम में रहने वाली लड़कियों के साथ बातचीत करने के बाद थोरी ने सामाजिक सुरक्षा, स्त्री और बाल विकास विभाग के अधिकारियों को तुरंत एक प्रस्ताव भेजने के लिए कहा, जिससे लड़कियों के लिए जल्दी से जल्दी एक शिविर लगवाया जा सके, जिससे लड़कियां आत्म निर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि चिल्ड्रेन होम की लड़कियाें को दूसरी लड़कियों के बराबर मौके मिल सकें, यह यकीनी बनाना प्रशासन का नैतिक फर्ज है। उन्होंने कहा कि लड़कियों में बेमिसाल विश्वास और सामर्थ्य होता है और यदि एक मौका दिया जाए तो वह कमाल कर सकती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह शिविर उनकी इच्छाओं को नई उड़ान देगा और उनको सशक्त बनाएगा।

Ak

थोरी ने बताया कि चिल्ड्रेन होम में 55 लड़कियां हैं, जिनमें से 45 लड़कियां अलग-अलग निजी स्कूलों में मुफ़्त पढ़ रही हैं। इस अवसर पर कंप्यूटर लैब में लड़कियां अपनी, ऑनलाइन क्लास लगा रही थीं। उन्होंने आधिकारियों को आश्रम में रहने वालों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के आदेश दिए और उनको कहा कि गांधी वनिता रक्षा की इमारत में चिल्ड्रेन इन नीड आफ केयर एंड प्रोटेक्शन के बाहर फोल्डिंग गेट लगाया जाए।

इस दौरान थोरी ने गुलाब देवी रोड पर पिंगला आश्रम का भी दौरा किया और वहां विशेष ज़रूरतों वाले व्यक्तियों, सीनियर सिटीजन और दूसरों के लिए उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जांच भी की। उन्होंने इस अवसर पर पिगला घर के प्रबंधन को एक लाख रुपए का अनुदान भी भेंट किया और मानवता की भलाई के लिए किये जा रहे कामों की निगरानी करने को कहा।