चंडीगढ़: पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की भगवंत मान सरकार ने आज अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियों और ‘रंगला पंजाब’ बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराया।
मुख्यमंत्री मान ने अपने पोस्ट में लिखा, “3 साल, रंगले पंजाब के नाम।” उन्होंने याद दिलाया कि 16 मार्च 2022 को शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने का संकल्प लिया गया था और उनकी सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ईमानदारी और नेक नीयत से काम कर रही है।
अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का बखान करते हुए मुख्यमंत्री मान ने दावा किया कि उनकी सरकार ने इन तीन वर्षों में जितना काम किया है, उतना पिछले 70 वर्षों में भी नहीं हुआ। उन्होंने पंजाब के लोगों को आश्वासन दिया कि उनसे किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पंजाब से नशे की बुरी लत को खत्म करने के लिए चल रहे अभियान को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता जताई।
भगवंत मान ने पंजाब के तीन करोड़ लोगों का साथ और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया। अपने संदेश के अंत में उन्होंने क्रांतिकारी नारा “इंकलाब, जिंदाबाद” भी लिखा। उनकी इस पोस्ट को पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से व्यापक प्रतिक्रिया मिल रही है।
View this post on Instagram
CM Mann made a big promise to Punjabis