You are currently viewing CM भगवंत मान जल्द ही 177 साल पुराने मकान में होंगे शिफ्ट! इन सुविधाओं से लैस होगा नया आवास

CM भगवंत मान जल्द ही 177 साल पुराने मकान में होंगे शिफ्ट! इन सुविधाओं से लैस होगा नया आवास

जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान जल्द ही जालंधर के बारादरी स्थित 177 साल पुराने ऐतिहासिक भवन में रहने के लिए आ सकते हैं। नंबर-1 के नाम से पहचाना जाने वाला यह आवास कभी डिवीजन कमिश्नर का निवास हुआ करता था और अब इसे मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए तैयार किया जा रहा है।

इस ऐतिहासिक आवास में नए फर्नीचर लगाए जा रहे हैं और बैडमिंटन तथा वॉलीबॉल कोर्ट भी बनाए जा रहे हैं, जहां जाली लगाने का काम तेजी से चल रहा है। आवास में चल रही तैयारियों को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मुख्यमंत्री जल्द ही यहां शिफ्ट हो सकते हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फिलहाल जालंधर छावनी क्षेत्र में एक किराए का मकान ले रखा है। जालंधर पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के दौरान उनकी यहां अक्सर मौजूदगी रही थी। उस समय उन्होंने दोआबा और माझा क्षेत्र के लोगों से वादा किया था कि वे सप्ताह में एक या दो दिन जालंधर में जरूर रहेंगे, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए चंडीगढ़ जाने की आवश्यकता न पड़े।

छावनी क्षेत्र में मुख्यमंत्री का वर्तमान आवास शहर से कुछ दूरी पर स्थित है, इसलिए शहर के भीतर ही उनके लिए एक उपयुक्त आवास की तलाश की गई। इसके बाद, संभागीय आयुक्त आवास को मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के रूप में तैयार करने की योजना बनाई गई। पिछले 177 वर्षों में इस ऐतिहासिक भवन में 140 कमिश्नर रह चुके हैं।

बारादरी स्थित यह भव्य इमारत कई सुविधाओं से लैस है। इसमें 4 ड्राइंग रूम, 4 शयनकक्ष, 3 कार्यालय कक्ष, एक बरामदा और सहायक कर्मचारियों के लिए 10 कमरों वाले दो पारिवारिक फ्लैट मौजूद हैं। आवास के सामने एक विशाल बगीचा है और इसके ठीक पीछे जालंधर का प्रसिद्ध जिमखाना क्लब स्थित है। नए फर्नीचर लगाए जा रहे हैं और तैयारियां जोरों पर हैं, जिससे मुख्यमंत्री के जल्द ही इस ऐतिहासिक आवास में शिफ्ट होने की उम्मीद है।

CM Bhagwant Mann will soon shift to a 177-year-old house!