लुधियाना: लुधियाना की सेंट्रल जेल में बीती रात चाय लेने को लेकर हवालातियों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ हवालातियों ने एक अन्य हवालाती के सिर पर डोलू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जेल सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल हवालाती को बचाया।
घायल हवालाती की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले दो महीने से चोरी के मोबाइल खरीदने के आरोप में जेल में बंद था। गुरप्रीत सिंह ने बताया कि दो दिन पहले उसकी जेल में बंद अन्य हवालाती से गुटके को लेकर बहस हो गई थी। शुक्रवार की देर शाम चाय लेने के दौरान इस विवाद के कारण उक्त हवालाती ने अपने साथियों के साथ मिलकर गुरप्रीत सिंह पर डोलू से हमला कर दिया।
घायल को पहले जेल के अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती देख उसे खून से लथपथ अवस्था में सिविल अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने गुरप्रीत सिंह के सिर पर छह टांके लगाए और उसका सिटी स्कैन किया। सेंट्रल जेल पुलिस ने इस घटना की सूचना थाना डिवीजन 7 को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
clashes-over-tea-in-ludhiana-central-jail-one-undertrial-seriously-injured-got-6-stitches-on-his-head