You are currently viewing पड़ोस में खरीदा 90 लाख का मकान, फिर 20 फीट लंबी सुरंग खोदकर लोहे के बक्सों से उड़ाई 400 किलो चांदी

पड़ोस में खरीदा 90 लाख का मकान, फिर 20 फीट लंबी सुरंग खोदकर लोहे के बक्सों से उड़ाई 400 किलो चांदी

जयपुर: जयपुर में चोरी की एक रोचक वारदात हुई है। शहर के मशहूर हेयरप्लांट विशेषज्ञ डॉक्टर सुनीत सोनी के घर हुई इस चोरी को अंजाम देने के लिए चोरों ने कड़ी मेहनत करके 20 फुट लंबी सुरंग खोदी और लोहे के बक्से में बंद करोड़ो की चांदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर कितने बड़े शातिर हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने 90 लाख रुपए में डॉक्टर के पीछे एक मकान खरीदा। फिर इस मकान के कमरे को खोदकर सोनी के मकान के बेसमेंट तक पहुंचने के लिए सुरंग बनाई थी।

कैसे हुआ वारदात का खुलासा?
वारदात का खुलासा तब हुआ जब दो दिन पहले सोनी ने बेसमेट में देखा कि चांदी के बक्से गायब हैं। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार को चोरी की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि सुनीत सोनी के घर के पीछे स्थित खरीदे गए घर में एक कमरे में फर्श को खोदकर सोनी के घर के बेसमेंट तक सुरंग बनाई गई।

डॉक्टर दंपति ने करीब तीन महीने पहले अपने घर के बेसमेंट में जमीन के नीचे तीन बक्सों में चांदी भरकर उन्हें गाड़ दिया था और इसके बाद फर्श को ऊपर से पक्का कर दिया था। लेकिन चोरों को इसकी जानकारी मिल गई थी। चोरों ने बेसमेंट तक पहुंचने का प्लान बनाया। इसके लिए सुरंग बनानी जरूरी थी, इसलिए उन्होंने पड़ोस में एक घर खरीदा और फिर सुरंग बनानी शुरू कर दी। सुरंग के जरिए बेसमेंट तक पहुंचे और चांदी चुरा ली।

सोनी ने पुलिस को दर्ज कराई FIR
चोर सुरंग के जरिए बेसमेंट तक पहुंचे और फर्श खोदकर चांदी के तीनों बक्से निकाल लिए। फिर फर्श को पक्का कर ऊपर से ऐसे ढंक दिया कि किसी को शक न हो। उन्होंने सुरंग का मुंह भी बंद कर दिया था। चांदी करीब 400 किलो बताई जा रही है। हालांकि डॉक्टर सुनीत सोनी ने पुलिस को दर्ज कराई FIR में सिर्फ इतना लिखा कि जेवर गायब हुए हैं। बक्सों में कितनी चांदी थी, इसका कोई जिक्र नहीं है।

डॉ सुनीत सोनी जयपुर के मशहूर हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ हैं। पुलिस ने बेसमेंट का जायजा लेने के बाद से ही पड़ताल शुरू कर दी है। चोरों की तलाश की जा रही है। दरअसल सोनी के पीछे जिस मकान से सुरंग बनाई गई, 4 जनवरी को ही ये मकान 90 लाख में एक शख्स ने खरीदा है। अब आशंका ये है कि ये मकान चांदी की इस चोरी के मकसद से ही खरीदा गया था।

डॉक्टर के करीबी लोग हो सकते है वारदात में शामिल
एसीपी रायसिंह बेनीवाल ने बताया कि इस गिरोह में दो या तीन अधिक लोगों के शामिल होने का अंदेशा लग रहा है। डॉक्टर के करीबी लोग ही इसमें शामिल हो सकते हैं, क्योंकि उन्हें अच्छे से पता था कि घर के बेसमेंट में चांदी का बॉक्स है और कहां रखा है। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में ले रखा है, पुलिस का दावा है कि जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।