नई दिल्ली: बीजेपी की ओर से एक बार फिर मथुरा लोकसभा सीट के लिए चुनावी दंगल में उतरीं फिल्म कलाकार एवं वर्तमान सांसद हेमामालिनी एक अरबपति हैं। उनकी कुल संपत्ति में कुल बीते पांच सालों में 34 करोड़ 46 लाख रूपये का इजाफा हुआ है। जबकि, उनके पति धर्मेंद्र सिंह देओल की सम्पत्ति में केवल 12 करोड़ 30 लाख रूपये की ही वृद्धि हुई है। पति-पत्नी ने बीते पांच वर्षों में आयकर विभाग में दाखिल की गईं विवरणियों के अनुसार 10-10 करोड़ रूपये कमाए हैं। हेमामालिनी ने वर्ष 2013-14 में जहां 15 लाख 93 हजार रुपए कमाए वहीं गतवर्ष 1 करोड़, 19 लाख 50 हजार रूपये की घोषणा आयकर विभाग के समक्ष की है।
1 अरब से भी ज्यादा की मालकिन है हेमा मालिनी
2014-15 में उन्होंने 3 करोड़ 12 लाख रूपये, 2015-16 में 1 करोड़ 9 लाख रूपये और 2016-17 में 4 करोड़ 30 लाख 14 हजार रुपए कमाए। इस प्रकार, पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान उनकी कुल आय 9 करोड़ 87 लाख 55 हजार रुपए रही और धर्मेंद्र देओल की 9 करोड़ 72 लाख 78 हजार रुपए रही। हेमामालिनी के पास दो कारें हैं। जिनमें से एक मर्सिडीज़ है जो उन्होंने 2011 में (33 लाख 62 हजार 654 रुपए में) खरीदी थी। उसके अलावा एक टोयोटा है जो 2005 में पौने पांच लाख रूपये में खरीदी थी। कुल मिलाकर हेमामालिनी 1 अरब 1 करोड़ 95 लाख 300 रुपए की नकदी, गहने, फिक्स डिपाजिट, शेयर्स, कोठी बंगला की मालकिन हैं।
पद्मश्री से सम्मानित हो चुकी है हेमा मालिनी
मात्र नौ वर्ष की उम्र में नृत्य शिक्षा के लिए औपचारिक शिक्षा से अलग कर दी गईं हेमा मालिनी ने हालांकि बाद में मैट्रिक तक शिक्षा पूर्ण की लेकिन यह भी सही है कि वे वर्ष 2012 में उदयपुर स्थित सर पदमपति सिंघानिया विवि से डाक्टर आफ फिलासफी की मानद उपाधि हासिल कर चुकी हैं। इससे पूर्व वर्ष 2000 में उन्हें कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान से नवाजा जा चुका है।
रह चुकी हैं राज्यसभा सदस्य
2014 में मथुरा से लोकसभा के लिए चुने जाने से पूर्व भी वे 2003 से 2009 तक तथा 2011-2012 में राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं। इस बीच वे संसद की विदेश, परिवहन, पर्यटन, संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, सूचना एवं प्रसारण, उद्योग, भारी उद्योग, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम एवं शहरी विकास व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालयों की समितियों की सदस्य भी रही हैं। इसके अलावा वे वर्ष 2002-03 में राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष भी रहीं।
जयंत चौधरी को हराकर बनी थीं सांसद
हेमा मालिनी ने 16वीं लोकसभा के लिए हुए चुनाव में तत्कालीन सांसद जयंत चौधरी को तीन लाख 30 हजार से भी अधिक मतों से शिकस्त देकर राष्ट्रीय लोकदल से यह सीट हासिल की थी। उनके खिलाफ यहां से कांग्रेस ने महेश पाठक को उम्मीदवार बनाया है। एसपी-बीएसपी के गठबंधन समर्थित राष्ट्रीय लोकदल ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है।