You are currently viewing BJP विधायक की कार को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचीं; 2 अंगरक्षक जख्मी

BJP विधायक की कार को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचीं; 2 अंगरक्षक जख्मी

जुमई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जमुई विधायक श्रेयसी सिंह की गाड़ी की बीते रात नालंदा में एक ट्रैक्टर से जबरदस्त टक्कर हो गई। यह दुर्घटना नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र में बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर जहाना गांव के पास हुई। इस घटना में विधायक श्रेयसी सिंह बाल-बाल बच गईं, लेकिन उनके दो अंगरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत बिंद थाने को घटना की सूचना दी। बिंद थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और विधायक के दोनों घायल अंगरक्षकों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया।

घायल अंगरक्षकों की पहचान गोलू कुमार सिंह और रेपन कुमार के रूप में की गई है। विधायक श्रेयसी सिंह खुद अस्पताल में दोनों अंगरक्षकों की देखभाल में जुटी रहीं और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेती रहीं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों अंगरक्षकों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, जिसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से जमुई भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, विधायक श्रेयसी सिंह पटना से अपने विधानसभा क्षेत्र जमुई जा रही थीं। बिंद थाना क्षेत्र के जहाना मोड़ के पास उनकी गाड़ी और एक ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विधायक की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

बिंद थाना प्रभारी चंदन कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर को जल्द ही जब्त कर लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

BJP MLA’s car hit by tractor, she escapes unhurt