भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने रिश्ते के देवर पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता ने कथित तौर पर आरोपी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा और आंखें झुलस गईं। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह उर्फ महेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो उसी गांव का निवासी है। एसिड अटैक में घायल महेंद्र का इलाज सदर अस्पताल में पुलिस हिरासत में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत है और वह अपने दो बच्चों के साथ गांव में रहती है। सोमवार रात जब वह घर में अपने बच्चों के साथ बैठी थी, तभी आरोपी जबरन घर में घुस आया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आक्रोशित पीड़िता ने घर में रखी बोतल से तेजाब निकालकर आरोपी के चेहरे पर फेंक दिया।
उदवंतनगर थाने में पीड़िता की शिकायत पर महेंद्र सिंह उर्फ महेंद्र यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उदवंतनगर के थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रिश्ते में देवर लगने वाले व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि पीड़िता का कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
View this post on Instagram
Bhabhi was raped after entering the house