You are currently viewing पंजाब में धोखा! मंडप में बैठी रही दुल्हन, दूल्हा हुआ फरार; पुलिस के डर से हुआ था तैयार

पंजाब में धोखा! मंडप में बैठी रही दुल्हन, दूल्हा हुआ फरार; पुलिस के डर से हुआ था तैयार

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर के सुल्तानविंड इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन अपनी शादी के दिन मंडप में अपने दूल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा उसे छोड़कर भाग गया। पीड़ित लड़की का आरोप है कि युवक पहले उसे परेशान करता था और बाद में शादी का झांसा देकर धोखा दिया। लड़की और उसके परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित लड़की ने बताया कि गुरप्रीत सिंह नाम का युवक उसे स्कूल के दिनों से परेशान कर रहा था। वह जहां भी जाती, गुरप्रीत वहां पहुंच जाता था और शादी की बात करता था। लड़की ने बताया कि समझाने के बावजूद वह नहीं माना, जिसके बाद धीरे-धीरे उनके बीच प्रेम संबंध बन गए।

लड़की के अनुसार, बाद में वे दोनों साथ घूमने और होटलों में भी जाने लगे। जब लड़के ने शादी से इनकार कर दिया, तो लड़की ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के दबाव के बाद लड़का शादी के लिए राजी हो गया और 30 मार्च को उनकी शादी तय हुई।

शादी के दिन दुल्हन पूरी तरह से तैयार होकर, हाथों में लाल चूड़ा पहनकर मंडप में पहुंची। उसने दहेज का सामान भी साथ में लाया था। लेकिन दूल्हे का कहीं कोई अता-पता नहीं था। लड़की उस चर्च में भी गई, जहां वे पहली बार मिले थे और जहां लड़का चूड़ी बनाने का काम करता था।

अब लड़की का कहना है कि वह उस लड़के से कभी शादी नहीं करेगी। उसका आरोप है कि गुरप्रीत ने उसका इस्तेमाल किया और उसे धोखा दिया है। पीड़ित लड़की और उसके परिवार ने पुलिस से इस मामले में इंसाफ की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Betrayal in Punjab! The bride remained seated in the mandap