You are currently viewing ज्योतिषी ने रिटायर्ड जज को लगाई 8.27 करोड़ रुपए की चपत, ऊंची कुर्सी दिलाने का दिया था लालच

ज्योतिषी ने रिटायर्ड जज को लगाई 8.27 करोड़ रुपए की चपत, ऊंची कुर्सी दिलाने का दिया था लालच

बेंगलुरू : खुद को ज्योतिषी बताने वाले एक शख्स ने रिटायर्ड जज से आठ करोड़ से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है। आरोपी ने दावा किया था कि वह टॉप राजनेताओं तक पहुंच रखता है और पीड़ित को ऊंची कुर्सी दिलवा सकता है। इसी बात का झांसा देकर उसने रिटायर्ड जज को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाया और उनसे 8.27 करोड़ रुपए ठग लिए। कर्नाटक के इस मामले में बेंगलुरू पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपी को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान युवराज रामदास के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी विल्सन गार्डन पुलिस थाने में दी गई पूर्व जज की शिकायत के बाद की गई थी। आरोप था कि युवराज ने जून 2018 और नवंबर 2019 के बीच प्रशासनिक व्यवस्था में ऊंचा पद दिलाने का झांसा देकर उनसे 8.27 करोड़ रुपए ठग लिए।

अरेस्ट किए जाने के बाद ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर (पुलिस) संदीप पाटिल ने कहा- शिकायत के आधार पर युवराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है, जो झूठा दावा कर लोगों को फुसलाता था कि वह बड़े, नामी और महत्वपूर्ण लोगों को जानता है। वह लोगों को झांसा दिया करता था कि अपने संपर्कों के आधार पर वह लोगों की सरकारी नौकरियां और अहम काम करा सकता है।

पाटिल के मुताबिक, “सेंट्रल क्राइम ब्रांच आरोपी का सर्च वॉरंट लेकर उसके घर पर रेड मारने पहुंची। तलाशी के दौरान 26 लाख रुपए कैश और आरोपी के नाम पर कुछ चेक मिले, जो कि 91 करोड़ रुपए के आसपास के हैं। इन सब को सीज कर लिया गया है।”

अपनी शिकायत में रिटायर्ड जज ने बताया है कि युवराज ने उन्हें अपना नाम स्वामी बताया था। मुलाकात 2017-18 में एक रिटायर्ड एसपी के जरिए हुई थी, जिसे वह साल 2000 से जानती थीं।

52 साल के रामदास का धोखाधड़ी और ठगी में पुराना इतिहास रहा है। पिछले महीने भी उसे गिरफ्तार किया गया था। वह केस रिटायर्ड जज इंद्रकला बीएस से जुड़ा था।