You are currently viewing अरविंद केजरीवाल ने कैप्टन अमरिंदर को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी, संबित पात्रा के खिलाफ दर्ज करवाया केस

अरविंद केजरीवाल ने कैप्टन अमरिंदर को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी, संबित पात्रा के खिलाफ दर्ज करवाया केस

नई दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को ट्विटर पर डाक्टर्ड वीडियो पोस्ट करने के लिए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस वीडियो को लेकर आम आमदी पार्टी ने भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, इस वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिये इसका सहारा लिया है जो चौंकाने वाला है। मैं मीडिया से इस वीडियो को प्रसारित और प्रकाशित करने अथवा इस्तेमाल करने से बचने की अपील करता हूं। अगर कैप्टन अमरिंदर सिंह तत्काल इस वीडियो को वापस नहीं लेते हैं और माफी नहीं मांगते हैं तो मैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा।

दरअसल, कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का 17 सैकेंड का वीडिया पोस्ट किया था। इस वीडियो में केजरीवाल कृषि कानूनों का समर्थन करने नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को दिल्ली भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल और भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया था। इस केस में ‘आप’ ने संबित पात्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।