You are currently viewing यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने पहली बार जारी किए मौत के आकंड़े, बताया कितने सैनिकों ने गंवाई जान

यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने पहली बार जारी किए मौत के आकंड़े, बताया कितने सैनिकों ने गंवाई जान

मॉस्को: यूक्रेन के साथ जारी युद्ध में अब तक रूस के 498 सैनिकों की मौत हो चुकी है। वहीं, करीब 1600 सैनिक घायल हुए हैं। रूसी सेना ने यह जानकारी दी है। साथ ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने ‘अनगिनत’ मौतों के दावे को भी खारिज किया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 25 फरवरी को पड़ोसी देश के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की घोषणा कर दी थी।

रूसी सेना ने अनुमान लगाया है कि यूक्रेन की सैन्य इकाइयों और अर्धसैनिक बलों में कथित रूप से 2 हजार 870 सैनिकों की मौत हुई है। जबकि, 3700 जख्मी हुए हैं। रूसी मंत्रालय ने यह भी बताया कि इस दौरान यूक्रेन के 572 सैनिकों को बंदी भी बनाया गया है। हालांकि, इससे पहले भी खबरें आई थी जिनमें दावा किया जा रहा था कि जारी युद्ध में रूस के हजारों सैनिक जान गंवा चुके हैं।

मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने रूस को ‘बेशुमार नुकसान’ होने की खबरों को ‘गलत सूचना’ बताते हुए खारिज कर दिया और गत गुरुवार को युद्ध शुरू होने के बाद से पहली बार रूस के सैनिकों के हताहत होने की जानकारी दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतक सैनिकों के परिवारों को सभी आवश्यक सहायता मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन में चल रहे अभियान में न तो लोगों की जबरदस्ती भर्ती की गयी और न ही कैडेट शामिल हैं, जैसा कि मीडिया में आयी खबरों में आरोप लगाया गया है।

Amidst the war with Ukraine, Russia released the death figures for the first time, told how many soldiers lost their lives