You are currently viewing 10 दिन पहले ही पैरोल पर छुटा था दुष्कर्म का आरोपी, बाहर आकर 3 साल की बच्ची से किया रेप और बाद में कर दिया मर्डर

10 दिन पहले ही पैरोल पर छुटा था दुष्कर्म का आरोपी, बाहर आकर 3 साल की बच्ची से किया रेप और बाद में कर दिया मर्डर

रायगढ़: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले की पुलिस ने तीन साल की बच्ची के रेप और मर्डर के आरोप में 35 साल के एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी हाल में जेल से पैरोल पर छूट कर आया था। रायगढ़ के पेन क्षेत्र में आदिवासी पाडा बडगांव इलाके में बुधवार तड़के ये वारदात हुई। बच्ची उस वक्त झुग्गी में सोई हुई थी। झुग्गी का कोई दरवाजा नहीं था। आरोपी की पहचान आदेश पाटिल के तौर पर हुई है जो 10 दिन पहले ही पैरोल पर छूटा था। आदेश पाटिल पर पहले से ही रेप, चोरी, हमला करने के आरोप हैं। रायगढ़ पुलिस की ओर से उसे एक बार तड़ीपार भी किया जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची को सोते हुए ही आरोपी उठा कर एक स्कूल के पीछे घने पेड़ों वाले इलाके में ले गया। बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बच्ची की लाश को जब वो झुग्गी के पास छोड़ने गया तो बच्ची की दादी ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया। लेकिन आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटे बाद पाटिल को पेन इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। पाटिल पर रेप, मर्डर और पाक्सो (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन अगेंस्ट सेक्सुअल ऑफेन्सेस) एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इस वारदात के बाद से पूरे शहर के लोगों में रोष है। स्थानीय नेताओं ने पाटिल को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।