You are currently viewing जालंधर में उधार वापस मांगना नगर निगम कर्मचारी को पड़ा महंगा, जान देकर चुकानी पड़ी कीमत

जालंधर में उधार वापस मांगना नगर निगम कर्मचारी को पड़ा महंगा, जान देकर चुकानी पड़ी कीमत

जालंधर: जालंधर में बूटा पिंड के पास देर रात पैसों के लेन-देन को लेकर एक नगर निगम कर्मचारी की हत्या कर दी गई। घटना में धारदार हथियारों और ईंट-पत्थरों का उपयोग किया गया। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की जालंधर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल दूसरे युवक का इलाज जारी है।

घटना जल्लोवाल आबादी इलाके की है। मृतक दीपक कुमार (32) गाजी गुल्ला कॉलोनी का निवासी था और जालंधर नगर निगम में दर्जा चार का कर्मचारी था। दीपक के साथी गग्गू की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दीपक के भाई अजय कुमार ने जानकारी दी कि दीपक का जल्लोवाल आबादी में कुछ युवकों से पैसों का लेन-देन चल रहा था। आरोपियों ने दीपक से 1.50 लाख रुपए उधार लिए थे। दीपक लंबे समय से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन आरोपी उसे टालमटोल कर रहे थे। मंगलवार को दीपक ने सख्ती के साथ पैसे मांगे और आरोपियों को जल्लोवाल आबादी में बुलाया।

जब दीपक वहां पहुंचा, तो लगभग 15-20 युवक धारदार हथियारों और ईंट-पत्थरों से लैस थे। आरोपियों ने दीपक पर हमला शुरू कर दिया। दीपक ने इस हमले की सूचना अपने परिजनों को दी। जब अजय वहां पहुंचा, तो उसे भी हमले का सामना करना पड़ा, लेकिन किसी तरह उसने अपने भाई को वहां से निकाल लिया।

दीपक और उसके साथी को तुरंत जालंधर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां दीपक को देर रात मृत घोषित कर दिया गया और उसके साथी का इलाज शुरू किया गया। हत्या के बाद भार्गव कैंप थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।