You are currently viewing पंजाब चुनाव: कांग्रेस ने जारी की तीसरी सूची, CM चन्नी दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव, जानें किसे कहां से टिकट मिला

पंजाब चुनाव: कांग्रेस ने जारी की तीसरी सूची, CM चन्नी दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव, जानें किसे कहां से टिकट मिला

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव में इस वक्त नामांकन का दौर चल रहा है। इसी बीच रविवार को सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस ने 8 और प्रत्याशियों की तीसरी और अंतिम सूची जारी कर दी है। खास बात यह है कि इस सूची में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को भदौड़ विधानसभा क्षेत्र से भी चुनाव मैदान में उतारा गया है। बता दें कि कांग्रेस ने सीएम चन्नी को चमकौर साहिब सीट से भी प्रत्याशी बनाया है।

आखिरी सूची में अत्तरी से तारसेम सिंह सिअल्का, खेमकरण से सुखपाल सिंह भुल्लर, नवांशहर से सतबीर सिंह सैनी बालिचिकी, लुधियाना साउथ से ईश्वरजोत सिंह चीमा, जलालाबाद से मोहन सिंह फालिअनवाला, भादौड़ से चरणजीत सिंह चन्नी, बरनाला से मनीष बंसल, पटियाला से विष्णु शर्मा का नाम है।

तीसरी सूची के मुताबिक, सिटिंग विधायक रमिंदर सिंह अवला को टिकट नहीं मिला। जबकि पूर्व मेयर विष्णु शर्मा पटियाला से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए। वे कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल के बेटे मनीष बंसल बरनाला सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। नवांशहर से अंगद सैनी को टिकट नहीं दिया गया है। अंगद की पत्नी रायबरेली से विधायक अदिति सिंह ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा जॉइन की थी।

बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने यह अंतिम सूची जारी की है। अब तक पार्टी अब सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। तीसरी सूची में ऐसे कई उम्मीदवारों का पत्ता साफ तय हो गया, जिनको लगता था कि उन्हें पार्टी आखिरी लिस्ट में प्रत्याशी बनाएगी।