बठिंडाः बठिंडा में एक पति पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि डॉक्टर पति ने पत्नी से ऐसी हरकत की जिससे सभी सन्न रह गए। शहर के एक संपन्न परिवार की महिला लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ी थी। जब लोग उसकी मदद के लिए पहुंचे तो महिला से उसके डॉक्टर पति की हैवानियत के बारे में सुनकर सभी भौंचक्केे रह गए। दरअसल, घरेलू विवाद में पति ने पहले उसे बुरी तरह पीटा और बाद में उसका हाथ व नाक बुरी तरह से नोच डाला। इसके बाद डॉक्टर अपनी पत्नी को लहुलूहान हालत में अस्पताल में दाखिल करवाने के बहाने अपने साथ कार में बिठाकर ले गया और बीच रास्ते में सड़क पर फेंककर फरार हो गया।
सड़क पर गंभीर हालत में पड़ी महिला को पुलिस व नौजवान सोसायटी ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया, जहां पर उसके नाक पर टांके लगाए गए हैं। हालत में स्थिरता के बाद पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर फरार पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन पीड़िता ने बताया कि उसका पति एक क्लीनिक चलाता है। वह नशे का आदी है। वह उसे नशा करने से रोकती है और इसी बात को लेकर वह झगड़ा करता है। सोमवार को उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिसके बाद उसके पति ने पहले उसके साथ जमकर मारपीट की और बाद में गुस्से में आकर उसका नाक व हाथ नोंंचकर उसे गंभीर घायल कर दिया। थाना सिविल लाइन पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।