You are currently viewing पंजाब में आंधी-बारिश से तबाही, फसलें बर्बाद; आज भी मौसम विभाग का येलो अलर्ट

पंजाब में आंधी-बारिश से तबाही, फसलें बर्बाद; आज भी मौसम विभाग का येलो अलर्ट

चंडीगढ़: पंजाब के कई जिलों में शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस दौरान कई जगह ओले भी गिरे, जिससे खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, संगरूर जिले में भी आंधी का कहर देखने को मिला, जहां एक टावर गिरने से 4-5 घरों की छतें उड़ गईं और कई सड़कों पर पेड़ उखड़ गए। मंडियों में खुले आसमान के नीचे पड़ी हजारों टन गेहूं बारिश में भीग गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

इस बीच, मौसम विभाग ने शनिवार (आज) के लिए भी राज्य के कई हिस्सों में आंधी, गरज और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदला। गुरुवार देर रात तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। शुक्रवार को दिन में गर्मी के बाद शाम को फिर तेज हवाओं के साथ कुछ देर के लिए बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने बताया कि यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है। शुक्रवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश के बावजूद, राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी जारी रही। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। बठिंडा शुक्रवार को 42.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके बाद लुधियाना में 39.0 डिग्री, पटियाला में 38.8 डिग्री और मोगा के बुद्ध सिंह वाला स्टेशन पर 38.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

हालांकि, मौसम विभाग ने हिमाचल से सटे पंजाब के जिलों सहित कुछ अन्य हिस्सों के लिए आज भी बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी रखा है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली), फतेहगढ़ साहिब और संगरूर जिले शामिल हैं।

संगरूर सहित अन्य प्रभावित जिलों में फसलें तबाह होने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। किसानों का कहना है कि अचानक बदले मौसम ने उन पर कहर बरपाया है और इस बेमौसम बारिश व आंधी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

storm-and-rain-wreak-havoc-in-punjab-crops-destroyed