नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के महिपालपुर इलाके में एक ब्रिटिश महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कैलाश नामक युवक और एक होटल कर्मचारी शामिल है। पीड़िता, जो ब्रिटिश नागरिक है, सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपियों के संपर्क में आई थी।
दिल्ली पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर कैलाश नामक युवक से दोस्ती की थी। पुलिस के अनुसार, कैलाश ने शराब पी रखी थी और पीड़िता ने उसे मिलने के लिए महिपालपुर के एक होटल में बुलाया था। आरोप है कि होटल में कैलाश और उसके एक साथी, जो होटल का कर्मचारी है, ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वसंत कुंज (नार्थ) थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने घटना की सूचना ब्रिटिश उच्चायोग को भी दे दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी कैलाश वसुंधरा, मयूर विहार, पूर्वी दिल्ली का रहने वाला है और उसे इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने का शौक है। कुछ महीने पहले, इंस्टाग्राम के माध्यम से ही उसकी लंदन में रहने वाली पीड़िता से दोस्ती हुई थी। पीड़िता कुछ दिन पहले महाराष्ट्र और गोवा घूमने आई थी। वहां से उसने कैलाश से संपर्क किया और दिल्ली में मिलने की इच्छा जताई। कैलाश ने मुंबई या गोवा आने में असमर्थता व्यक्त की और युवती को दिल्ली आने के लिए कहा। पीड़िता मंगलवार शाम दिल्ली पहुंची और महिपालपुर के एक होटल में ठहरी।
पुलिस के अनुसार, युवती के बुलाने पर कैलाश अपने दोस्त वसीम, जो होटल कर्मचारी है, को साथ लेकर होटल पहुंचा। होटल में उन्होंने शराब पी और खाना खाया। इसके बाद वे बातचीत करते हुए होटल के कमरे में चले गए, जहाँ कैलाश ने कथित तौर पर युवती की सहमति के बिना उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध किया और हंगामा करना शुरू किया, तो कैलाश ने वसीम को कमरे में बुलाकर पीड़िता को शांत करने की कोशिश की।
जिला पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता रात को होटल में ही रुकी, लेकिन बुधवार सुबह वह स्वयं फोर्टिस अस्पताल पहुंची और अपनी मेडिकल जांच कराई। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। वसंत कुंज (नार्थ) थाना पुलिस ने दोपहर तक कैलाश और उसके साथी वसीम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस घटना में कोई और भी शामिल है और आरोपियों के इरादे क्या थे।
View this post on Instagram
British woman was lured into friendship on Instagram