You are currently viewing ईसाई पादरी बजिंदर के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट, सिर पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, रेप केस में पहले भी खा चुका जेल की हवा

ईसाई पादरी बजिंदर के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट, सिर पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, रेप केस में पहले भी खा चुका जेल की हवा

कपूरथला: मशहूर पास्टर प्रॉफिट बजिंदर सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। छेड़छाड़ के एक मामले में अदालत में पेश न होने पर उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है। पास्टर बजिंदर सिंह पर एक महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है और इस मामले में उन्हें आज अदालत में पेश होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुए।

अदालत के आदेश के बाद पुलिस अब पास्टर बजिंदर सिंह को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई कर सकती है। यह घटनाक्रम पास्टर बजिंदर सिंह के उस बयान के बाद सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि उनके खिलाफ दर्ज मामला रद्द नहीं किया गया तो वह राजनेताओं के साथ मिलकर 12 मार्च को पंजाब बंद करवाएंगे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कपूरथला की एक महिला ने पास्टर बजिंदर सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पादरी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 ए (यौन उत्पीड़न), 354 डी (पीछा करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ि महिला अपने माता-पिता के साथ अक्टूबर 2017 से जालंधर के गांव ताजपुर में स्थित ‘द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ के नाम से मसीही सत्संग में आ रहे हैं। इस दौरान पादरी बजिंदर सिंह ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। उसे मैसेज भेजना शुरू कर दिया। पीड़िता पादरी से डरती थी। यही वजह है कि उसने माता-पिता को इसके बारे में नहीं बताया।

पीड़िता ने पादरी पर लगाया ये आरोप
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, वो जब 17 साल की थी, तब से पादरी बजिंदर सिंह उसका यौन शोषण कर रहे हैं। साल 2022 में उन्होंने चर्च के एक केबिन में पीड़िता को बुलाया। उसे गले लगाते हुए गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया। खुद शादीशुदा होने के बावजूद उस पर शादी करने का दबाव डाला। इतना ही नहीं उसका पीछा करने उसे नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।

पीड़िता ने सुनाई दर्दनाक आपबीती
20 फरवरी को पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी थी। 23 फरवरी को पादरी बजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया। उनके साथ आठ अन्य लोगों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता पिछले कई साल से उत्पीड़न का शिकार है। यहां तक कि शादी और गर्भावस्था के दौरान भी उसे परेशान किया गया। पीड़ित महिला ने कहा, “जब मैं कॉलेज जाती, तो वो अपनी कार से मेरा पीछा करते थे। मुझे धमकी देते थे कि यदि मैंने उनसे शादी नहीं की, तो वो मेरे माता-पिता और भाई को मरवा देगा। मुझे घबराहट के दौरे पड़ने लगते थे।”

जालंधर में पादरी का मसीही सत्संग
आरोपी पादरी जालंधर के गांव ताजपुर में मसीही सत्संग चलाते हैं। उन पर पहले भी कई बार गंभीर आरोप लग चुके हैं। साल 2018 में एक रेप केस में गिरफ्तारी भी हुई थी। उनके कार्यक्रम में बॉलीवुड हस्तियां आती रहती हैं। उनके प्रोग्राम के वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते रहते हैं। इसमें वो ‘मरे हुए लोगों को जिंदा करने’ और ‘कैंसर का इलाज’ करने जैसे चमत्कार के तमाम दावे करते रहते हैं।

साल 2018 में दर्ज हुआ था रेप केस
बताते चलें कि साल 2018 में पंजाब के जिरकपुर में एक महिला की शिकायत के आधार पर पादरी बजिंदर सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 420, 354, 294, 323 और 506 और आईटी एक्ट 67 के तहत केस दर्ज किया गया था। इस केस के दर्ज होने के बाद ही आरोपी पादरी जालंधर से फरार होकर दिल्ली चले आए। यहां से लंदन जाने की योजना में थे, लेकिन पुलिस ने धर दबोचा था।

लंदन फरार होने से पहले हुई गिरफ्तारी
जिरकपुर के तत्कालीन एसएचओ पवन कुमार ने बताया था कि पादरी बजिंदर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। वो लंदन की उड़ान भरने वाला था। उसके खिलाफ दर्ज शिकायत के अनुसार उसने पीड़िता के साथ पहले यौन उत्पीड़न किया, फिर उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद पीड़िता को ब्लैकमेल करते हुए उसे अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।

court-issues-non-bailable-warrant-against-famous-punjab-pastor