टांडा/समराला: संयुक्त किसान मोर्चे द्वारा 5 मार्च को चंडीगढ़ में प्रस्तावित धरना प्रदर्शन से पहले पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने टांडा, समराला और अन्य क्षेत्रों में छापेमारी कर किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल, जंगवीर सिंह चौहान समेत कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल को पुलिस ने देर रात करीब 2:30 बजे हिरासत में लिया। वहीं, किसान नेता और प्रदेश अध्यक्ष जंगवीर सिंह चौहान को टांडा पुलिस ने सुबह 4 बजे उनके पैतृक गांव रसूलपुर से हिरासत में लिया।
समराला विधानसभा क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन स्थानों पर छापेमारी की और कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में बी.के.यू. कादियां के जिला लुधियाना अध्यक्ष हरदीप सिंह ग्यासपुरा, बी.के.यू. कादियां के मोहन सिंह संधेर, और बी.के.यू. दोआबा जिला लुधियाना के अध्यक्ष बलबीर सिंह खीरनिया शामिल हैं। रिपोर्टों के अनुसार, अन्य जिलों में भी कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया गया है।
यह धरपकड़ किसानों के चंडीगढ़ कूच के ऐलान के बाद हुई है। किसान संगठन अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं और उन्होंने 5 मार्च को चंडीगढ़ में धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।
बता दें कि किसान नेताओं और मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच गत दिवस चंडीगढ़ में एक मीटिंग हुई थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री मान ने किसान नेताओं से सड़कों पर धरना प्रदर्शन न करने की अपील की थी। मुख्यमंत्री ने किसान नेताओं से कहा था कि चक्का जाम, सड़कों और रेलों को रोकना या पंजाब बंद करना किसी भी समस्या का हल नहीं है, क्योंकि इससे आम जनता परेशान होती है और कारोबार पर बुरा असर पड़ता है। हालांकि, किसान नेता अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिसके बाद मुख्यमंत्री बैठक बीच में ही छोड़कर चले गए थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस मीटिंग के बारे में जानकारी साझा करते हुए किसानों से अपील की थी कि वे प्रस्तावित धरने को रद्द कर दें।
View this post on Instagram
Many leaders detained before march to Chandigarh