You are currently viewing हवाई यात्रा के दौरान बिगड़ी 8 वर्षीय बच्ची की तबियत, फ्लाइट की हुई इमरजेंसी लैंडिंग- लेकिन नहीं बच सकी जान

हवाई यात्रा के दौरान बिगड़ी 8 वर्षीय बच्ची की तबियत, फ्लाइट की हुई इमरजेंसी लैंडिंग- लेकिन नहीं बच सकी जान

 

नई दिल्ली : लखनऊ से मुंबई जा रही एक फ्लाइट में आठ साल की बच्ची को दिल का दौरा पड़ गया, जिसके बाद अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि बच्ची को बचाने के लिए विमान की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। हालांकि, जब तक बच्ची के पिता उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

बताया गया है कि बच्ची अपने माता पिता के साथ विमान में यात्रा कर रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्ची उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिले के सहेरिखास गांव की रहने वाली थी और उसे उपचार के लिए लखनऊ से मुंबई ले जाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बच्ची की हालत बिगड़ गई और विमान को यहां बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जीएमसीएच के अधिकारियों ने कहा कि बच्ची के पिता आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के हैं और वे उसकी हालत के बारे में भी नहीं बता पा रहे थे। फिलहाल लड़की की मौत की सही वजह नहीं पता है। अस्पताल के डॉक्टरों ने उसके विसरा सैंपल को जांच के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया यही लगता है कि ऊंचाई पर उड़ान की वजह से ज्यादा दबाव में उसे दिल का दौरा पड़ गया।

अधिकारियों का कहना है कि लड़की एनिमिया (खून की कमी) से पीड़ित थी। उसके पिता ने पहले ये नहीं बताया, वर्ना उसे फ्लाइट में सफर नहीं करने दिया जाता। जिन मरीजों में हिमोग्लोबिन की मात्रा 8-10 ग्राम से कम होती है, उन्हें हवाई यात्रा करना मना होता है। आयुषी का रिकॉर्ड बताता है कि उसके खून में हिमोग्लोबिन सिर्फ 2.5 ग्राम था। वे उसे इलाज के लिए मुंबई लेकर जा रहे थे।