You are currently viewing विजय नड्डा बने विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के नए संगठन मंत्री

विजय नड्डा बने विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के नए संगठन मंत्री

 जालंधर : विद्या भारती पंजाब के संगठन मंत्री विजय नड्डा को विद्या भारती उत्तर क्षेत्र का संगठन मंत्री बनाया गया है| इसके साथ ही वह विद्या भारती पंजाब के संगठन मंत्री का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। बता दें कि विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के तहत नई दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू और कश्मीर प्रांत आते हैं| शांत स्वभाव के विजय नड्डा वर्तमान में विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के सह संगठन मंत्री थे और पंजाब के संगठन मंत्री का कार्य भी देख रहे थे|

ओजस्वी वक्ता और साफ-सुथरी छवि वाले विजय नड्डा मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं| पिछले कई दशकों से वह संघ में सेवा कार्य कर रहे हैं| विजय नड्डा के नेतृत्व में विद्या भारती पंजाब ने सफलता के कई आयाम गढ़े।

विजय नड्डा के निर्देशन में विद्या भारती पंजाब में शिक्षा जगत में नया इतिहास रचते हुए हिंदुस्तान को शिक्षा जगत का पहला न्यूज़ बुलेटिन दिया| विद्या भारती के इस पहले न्यूज़ बुलेटिन का शुभारंभ सरसंघचालक मोहन भागवत ने किया था। इसके अलावा पंजाब के पाकिस्तान सीमा से सटे गांव में दर्जनों नए बाल संस्कार केंद्र एवं पंजाब में कई विद्यालयों के शुभारंभ का श्रेय भी विजय नड्डा को जाता है|
विजय नड्डा को यह जिम्मेदारी कुरुक्षेत्र में आयोजित विद्या भारती की अखिल भारतीय बैठक में दिया गया। विजय नड्डा को नई जिम्मेदारी मिलने पर विद्या भारती पंजाब के प्रांत प्रचार प्रमुख सुखदेव वशिष्ठ, विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र जी, इंडिया टाइम 24 के चीफ एडिटर नीरज सिसौदिया व विद्या भारती परिवार ने बधाई दी है।
नया दायित्व मिलने पर इंडिया टाइम 24 से खास बातचीत में विजय नड्डा ने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे वह पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाएंगे| उन्होंने कहा कि विद्या भारती सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और आगे भी करता रहेगा| जरूरतमंदों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना ही हमारा उद्देश्य है|