You are currently viewing जालंधरः दहेज की मांग न पूरी होने पर टूटी शादी, दुल्हे ने लड़की के मां-बाप को निकाली गालियां, बिन दुल्हन लौटी बारात

जालंधरः दहेज की मांग न पूरी होने पर टूटी शादी, दुल्हे ने लड़की के मां-बाप को निकाली गालियां, बिन दुल्हन लौटी बारात

जालंधर (अमन बग्गा): महाराजा होटल में रविवार रात शादी का मंडप सजा हुआ था… हर तरफ बधाई का दौर चल रहा था… लोग आ रहे थे और इंतजार था तो सिर्फ बारात के आने का। लेकिन बारात आने के बाद जो कुछ हुआ, वह तो किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था। रात करीब 12:30 बजे होटल के बाहर सोढल के रहने वाले रोहित पुत्र स्वर्गीय वरिंदर की बारात आ गई। लड़की पक्ष भी स्वागत में जुट गया।

मिलनी की रस्म हुई तो लड़की की मां को टॉपस पहनाए गए तो लड़के की मां ने मना कर दिया कि उसे तो सेट चाहिए। बात करके मनाने की कोशिश की गई और ताया की मिलनी करवाई गई। ताया को सोने की अंगूठी पहनाई गई। लड़के की मां ने कह दिया कि ताया की मिलनी की अंगूठी भी तभी लेंगे, जब सोने का सेट मिलेगा। इसके बाद बारात होटल के हाल में आ गई। लड़के की मां पूनम, ताया कुलदीप, उज्जवल ने कहा कि लड़के की मां के लिए सोने का सेट, उनकी 20 लाख रुपए कैश और कार की डिमांड पूरी करोगे तो ही जयमाला की रस्म होगी। लड़की वालों ने हाथ जोड़े और दोनों पक्षों में बहस हो गई। वर पक्ष ने धमकी दी कि वे बारात वापस ले जाएंगे। उन्हें मनाने के लिए शंकर गार्डन सोढल के रहने वाली लड़की पायल मेहरा के पिता बिल्ला मेहरा और मां स्वीटी ने हाथ-पैर भी जोड़े।

दहेज के लिए दूल्हे रोहित ने निकालीं लड़की के मां-बाप को गालियां
करीब 15 मिनट बाद दूल्हा रोहित भी बीच में आकर खड़ा हो गया। उसने शेरवानी के साथ ली गई चुन्नी सबके सामने फाड़ दी और लड़की के मां-बाप को गालियां निकालनी शुरू कर दीं। उसने उसी समय बारात वापस ले जाने की बात कह दी। लड़की के मां-बाप के अलावा बाकी रिश्तेदारों ने लड़के पक्ष के पैर पकड़े लेकिन रात 1:25 बजे बारात वापिस ले गए। बारात में करीब 250 लोग आए हुए थे। रो-रोकर लड़की के मां-बाप का हुआ बुरा हाल हो गया। बारात वापिस लौट गई तो लड़की पक्ष में सिर्फ चिंता और रोना ही बाकी रह गया। बारात में आए 250 लोगों ने तो खाना-पीना खाया लेकिन लड़की पक्ष पानी भी नहीं पी सका। 23 साल की बेटी की डोली विदा करने का सपना देखने वाले जम्मू के मीट कारोबारी बिल्ला और मां स्वीटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रिश्तेदार ढांढस बंधा रहे थे लेकिन इन मां-बाप के आंसू रुक ही नहीं रहे थे।

थाना-3 में लड़की पक्ष ने दी कंप्लेंट
रात करीब 2 बजे इस मामले संबंधित शिकायत थाना-3 में दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बयान दर्ज करके बनती कार्रवाई शुरु कर दी है।