You are currently viewing पत्नी को लेने ससुराल गए शख्स पर ससुर ने किया कुल्हाड़ी से हमला, दांए हाथ की अंगुली कटी

पत्नी को लेने ससुराल गए शख्स पर ससुर ने किया कुल्हाड़ी से हमला, दांए हाथ की अंगुली कटी

लुधियाना (अश्विनी शर्मा/अनिल): कोट मंगल सिंह इलाके में एक युवक पर उसके ससुर ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिसमें उसकी दाएं हाथ की अंगुली कट गई और उसके सिर पर गहरी चोटें आई हैं। युवक पर यह हमला उस समय हुआ जब वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। फिलहाल उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल युवक गुरदीप सिंह (29) डाबा रोड का रहने वाला है। गुरदीप सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी एक साल पहले कोट मंगल सिंह में हुई थी। तीन महीने पहले बीमारी का बहाना बताकर उसकी पत्नी झगड़ा कर मायके चली गई। पत्नी से समझौता होने के बाद उसे शुक्रवार को ससुराल वालों ने बुलाया।

गुरदीप ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पांच बजे वह पत्नी को मायके से लाने कोट मंगल सिंह चला गया। जब वह ससुराल पहुंचा तो ससुर ने बहस करनी शुरू कर दी। इसके बाद उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में उसके सिर पर गहरी चोटें लगी हैं और उसके दाएं हाथ की अंगुली कट गई। वह वहां से किसी तरह दरवाजा खोल कर भाग आया। जानकार ने उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। परिवार ने युवक का मेडिकल करवाकर घटना की जानकारी थाना पुलिस दी। थाना छह की पुलिस मामले की जांच कर रही है।