You are currently viewing पंजाब में सामने आई हैरान कर देने वाली घटनाः रॉड मारकर मां को उतार दिया मौत के घाट, पत्नी और तीन बच्चों को भी नहीं बख्शा

पंजाब में सामने आई हैरान कर देने वाली घटनाः रॉड मारकर मां को उतार दिया मौत के घाट, पत्नी और तीन बच्चों को भी नहीं बख्शा

राजपुराः पंजाब में राजपुरा के गांव तेपला में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक बेटे ने अपनी ही मां के सिर पर रॉड मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं उसने अपनी पत्नी व तीनों बच्चों को भी नही बख्शा। उसने उन पर भी हमला बोल दिया लेकिन वह किसी तरह बच गए। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। थाना शंभू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव तेपला निवासी हरजिंद्र सिंह अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ शुक्रवार देर रात सोने चला गया। शनिवार सुबह करीब 7 बजे घर पर दूध देने के लिए महिला आई तो उसने देखा कि हरजिंद्र सिंह की मां नैब कौर खून से लथपथ फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसने गांव वालों को मौके पर बुलाया। गांव वासियों ने अंदर जाकर देखा तो सारे फर्श पर खून बिखरा था। घर के अंदर ही हरजिंद्र की पत्नी कुलविंद्र कौर, लड़की अंशिका, लड़का जशनदीप व छोटी लड़की वंशिका भी खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़े थे। जिन्हें चंडीगढ़ के अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया।

गांव वासियों ने बताया कि हरजिन्द्र सिंह का पारिवारिक सदस्यों के साथ हमेशा झगड़ा चलता रहता था। इसी झगड़े के चलते हरजिंद्र सिंह ने अपनी माता नैब कौर का रॉड मारकर कत्ल कर दिया। इतना ही नहीं उसने अपनी पत्नी व तीनों बच्चों को भी नहीं बख्शा। आरोपी हरजिंद्र सिंह फरार है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।