मोगाः मोगा के निकट ढलेके गांव में 25 वर्षीय महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। यह घटना सोमवार की है। पुलिस ने आज बताया कि पीड़िता अपनी बहन से मिलने गई थीं और घर लौटने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं कि दो लोगों ने दो महिलाओं की मदद से उसका अपहरण किया।
वह लोग कार में उसे पास ही एक सुनसान जगह ले गए जहां उसके साथ बलात्कार किया गया। पीड़िता के अनुसार बाद में उन्हें संगरूर के धुरी ले जाया गया और वहां एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया तथा रात भर उस पर अत्याचार किया गया। सुबह आरोपी उसे वहीं छोड़कर चले गए।
वह किसी तरह पहले लुधियाना पहुंचीं और फिर वहां पति से संपर्क किया और बाद में मोगा जाकर कल रात शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला के चिकित्सकीय परीक्षण के बाद दो महिलाओं समेत सभी चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।