चंडीगढ़: पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। तीन सीटों पर जहां कांग्रेस के पाले में गई है वहीं शिअद-भाजपा गठबंधन ने एक सीट पर जीत हासिल की है। कांग्रेस ने फगवाड़ा, मुकेरियां और जलालाबाद विधानसभा क्षेत्रों में अपना परचम लहराया है। जबकि शिरोमणि अकाली दल को दाखा हल्के में ही जीत हासित हुई है।
जलालाबाद से कांग्रेस प्रत्याशी रमिंदर सिंह आंवला ने शिअद प्रत्याशी डा. राज सिंह डिबिपुरी को 16509 वोटों से मात दी। पहले इस सीट पर शिअद का कब्जा था। वहीं फगवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी बलविंदर सिंह धालीवाल जीत गए हैं। धालीवाल ने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के राजेश बाघा को 26016 मतों से हराया। ये सीट भाजपा के पास थी लेकिन सोमप्रकाश के सांसद बनने पर यहां चुनाव हुए हैं।
इसी तरह मुकेरियां से कांग्रेस प्रत्याशी इंदू बाला जीत गई हैं। इंदूबाला ने भाजपा के जंगीलाल महाजन को हराया है। दाखा से शिअद प्रत्याशी मनप्रीत सिंह अयाली चुनाव जीत गए हैं। शिअद-भाजपा प्रत्याशी अयाली ने कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन संदीप संधू को 14672 वोटों से मात दी। अयाली को 66297 और संदीप संधू को 51,625 वोटें मिलीं।