You are currently viewing प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में मिली पांच बच्चों की मां, गांव वालों ने काट दी दोनों की नाक

प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में मिली पांच बच्चों की मां, गांव वालों ने काट दी दोनों की नाक

अयोध्या: अयोध्या के थाना पटरंगा में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जान आप हैरान रह जाएंगे। दरअसल, आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने के बाद एक विवाहित महिला और उसके प्रेमी की नाक काट दी गई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बुरी तरह से घायल प्रेमी-प्रेमिका को रुदौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां प्रारंभिक इलाज के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि महिला शादीशुदा है और उसके 5 बच्चे भी हैं। महिला का पति सऊदी अरब में नौकरी करता है।

दरअसल, पटरंगा थाना के गांव पिपरा में अवैध संबंधों के चलते ग्रामीणों ने प्रेमी-प्रेमिका को तालिबानी सजा दे दी। जानकारी के अनुसार, गैर समुदाय के कासिफ का उसी गांव की रहने वाली एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला 5 बच्चों की मां है और उसका पति सऊदी अरब में काम करता है। बताया जा रहा है कि महिला का प्रेमी अक्सर उससे मिलने घर में घुस जाता था। इसकी भनक महिला के परिवार वालों को लग गई। जिसके बाद परिवार वालों ने महिला को प्रेमी के साथ रंगे हाथ पकड़ने का प्लान बनाया।

बीते सोमवार को देर रात प्रेमी अपनी प्रेमिका के पास उसके घर में घुसा। उसी दौरान महिला के ससुर ने ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रेमी को घर में घेर लिया और आपत्तिजनक हालत में दोनों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई की और इतने पर ही नहीं रुके। इसके बाद दोनों को पेड़ में रस्सी से बांध दिया और नाराज ग्रामीणों ने दोनों की धारदार चाकू से नाक काट दी। वहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रुदौली प्राथमिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रुदौली सीओ धर्मेन्द्र कुमार का कहना है कि अभी किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।