You are currently viewing लुधियाना: चलते ऑटो में महिला से पांच लोगों ने किया गैंगरेप, बेहोशी की हालत में फेंक कर हुए फरार

लुधियाना: चलते ऑटो में महिला से पांच लोगों ने किया गैंगरेप, बेहोशी की हालत में फेंक कर हुए फरार

लुधियाना (अश्विनी शर्मा/अनिल): लुधियाना में एक महिला से ऑटो चालक ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर सामुहिक दुष्कर्म किया। इस घिनौने काम को अंजाम देने के बाद वह महिला को बेहोशी की हालत में गांव लखोवाल में फेंक कर फरार हो गए। दो दिन पहले हुई इस घटना के बाद जब महिला होश में आई तो उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना कूमकलां की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान पर ऑटो चालक राजू, उसके साथी राम नारायण और तीन अन्य के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने सिविल अस्पताल के डॉक्टरों से इजाजत लेने के बाद महिला की निशानदेही पर आरोपी राम नारायण को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी राम नारायण को अदालत में पेश किया। वहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल करवा दिया है और स्वैब जांच के लिए भेज दिए गए है।

थाना कूमकलां के प्रभारी सब इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला किराए पर मकान ढूंढ रही थी। वह कमरा ढूंढते हुए एक गांव पहुंच गई। उसे कमरा पसंद आ गया तो वह गांव में स्थित एक ढाबे पर गई, जहां उसे एक महिला मिली। जिसने उसे कहा कि कमरा किराए पर राजू दिलवा सकता है। 9 फरवरी की सुबह महिला राजू से साहनेवाल चौक में मिली। राजू ने कमरे का किराया एडवांस में देने की बात की तो महिला ने कहा कि उसके पास पैसा नहीं है। इसके बाद आरोपी राजू उसे ऑटो में बैठाकर अपने साथ ले गया। कुछ दूरी पर चार आरोपी ऑटो में बैठ गए।

आरोपी ऑटो मुंडिया इलाके की तरफ ले गए। जहां चलते ऑटो में आरोपितों ने उसके साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया, जिससे महिला बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने खुद को गांव लखोवाल स्थित पीर बाबा जाहर बली की मजार के निकट पाया। वहां से लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।