You are currently viewing जालंधर: विदेश भेजने के नाम पर BSNL कर्मचारी से 31 लाख की ठगी, शादी का झांसा देकर सोने के जेवर भी हड़पे

जालंधर: विदेश भेजने के नाम पर BSNL कर्मचारी से 31 लाख की ठगी, शादी का झांसा देकर सोने के जेवर भी हड़पे

जालंधर: शहर में बीएसएनएल कर्मचारी के साथ ठगी का मामला सामने आया है जहां उसे विदेश भेजने के नाम पर 31 लाख रुपए ठग लिए गए। इतना ही नहीं बल्कि उसे एक महिला से मिलवाकर शादी का झांसा देकर 15 तोले सोने के जेवर भी हड़प लिए। पीड़ित सुखदेव राज वडाला चौक के नजदीक स्थित विर्क एन्क्लेव का निवासी है जो पेशे से बीएसएनएल कंपनी का कर्मचारी है।

पीड़ित द्वारा शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच की और भार्गव कैंप में आरोपी दंपत्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले संबंधित जानकारी देते हुए सब इंस्पैक्टर सोढी लाल ने बताया कि सुखदेव राज का पहली पत्नी से किसी कारण तलाक हो गया और वह अपनी मां के साथ रहता है।

उन्होंने बताया घर में सफाई का काम करने वाली बक्शो नामक महिला ने सुखदेव को अपनी बेटी नीतू तथा जवाई गुरमीत पुत्र हंसराज दोनों निवासी गांव हुसैनपुर थाना लांबड़ा से मिलवाया और कहा कि उनकी पहचान संजोग निवासी होशियारपुर की एक महिला से है, जोकि इंगलैंड में पक्की है और परिवार भी बाहर ही सैट है। तीनों ने सुखदेव को झांसे में फंसा लिया और फिर उन्होंने संजोग नामक महिला के साथ उसकी मुलाकात करवाई और बाहर भेजने के नाम पर उससे धीरे-धीरे 31 लाख रुपए ठग लिए।

इतना ही नहीं संजोग ने शादी करने से पहले 15 तोले सोने के गहने भी ले लिए। लेकिन बाद में उन्होंने शादी न होने का कहा और पैसे व गहने भी वापस नहीं किए। सुखदेव के बयानों के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और नीतू व उसके पति गुरमीत को गिरफ्तार कर लिया। बक्शो व संजोग नामक महिला अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।