You are currently viewing चांद पर लहराएगा भारत का तिरंगा, दुनिया भर के वैज्ञानिक देखेंगे भारत के वैज्ञानिकों का करिश्मा, 10वीं के 60 विद्यार्थियों संग मोदी देखेंगे चंद्रयान-2 की लैंडिंग

चांद पर लहराएगा भारत का तिरंगा, दुनिया भर के वैज्ञानिक देखेंगे भारत के वैज्ञानिकों का करिश्मा, 10वीं के 60 विद्यार्थियों संग मोदी देखेंगे चंद्रयान-2 की लैंडिंग

नई दिल्लीः चंद्रयान-2 का लैंडर विक्रम आज रात 1.30 से 2.30 बजे के बीच चांद के दक्षिण ध्रुव पर उतरेगा। विक्रम में से रोवर प्रज्ञान सुबह 5.30 से 6.30 के बीच बाहर आएगा। भारत के इस करिश्मे को देखने के लिए दुनिया भर के वैज्ञानिकोें को नजरें चंद्रयान 2 पर टिकी हुई हैं।

इस ऐतिहासिक क्षण को नजरभर देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देश भर से आये करीब 60 छात्र-छात्राएँ शनिवार तड़के इसरो के बेंगलुरु स्थित केंद्र में मौजूद रहेंगी। मोदी और ये छात्र-छात्राएँ चाँद के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में होने वाली चंद्रयान-2 के लैंडर ‘विक्रम’ की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ के दृश्य सीधे देख सकेंगे। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश से सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले दो-दो छात्रों को अंतरिक्ष एजेंसी ने चाँद की सतह पर ‘चंद्रयान-2’ के लैंडर ‘विक्रम’ की सॉफ्ट लैंडिंग का सीधा नजारा देखने के लिए अपने केंद्र में आमंत्रित किया है।

आठवीं से लेकर 10 वीं तक के इन छात्रों का चयन एक क्विज के जरिए किया गया है। विज्ञान और वैज्ञानिकों की उपलब्धियों की सराहना करने वाले प्रधानमंत्री की इस मौके पर मौजूदगी से वैज्ञानिकों का मनोबल बढेगा और युवाओं को नवाचार की दिशा में काम करने की प्रेरणा मिलेगी। चंद्रयान 2 में व्यक्तिगत रूचि दिखाते हुए मोदी ने कहा है कि यह मिशन पूरी तरह स्वदेशी है और इससे हर भारतीय को खुशी तथा गौरव की अनुभूति होगी।

इसरो ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि चंद्रयान 2 का लैंडर विक्रम शुक्रवार तड़के एक से दो बजे के बीच चंद्रमा पर उतरना शुरू करेगा और उसके तड़के डेढ और ढाई बजे के बीच चंद्रमा को छूने की संभावना है। इस अभियान के सफल होने पर रूस, अमेरिका और चीन के बाद भारत चाँद पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा और चाँद के अब तक अनदेखे दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में पहुँचने वाला पहला राष्ट्र बन जाएगा।