बरनाला: पति-पत्नी का झगड़ा छुवाना एक व्यक्ति को उस समय महंगा पड़ा जब पति ने रॉड मारकर उसकी हत्या कर दी। ये घटना बीती रात 9:30 बजे की है। मामले संबंधित जानकारी देते हुए रेलवे पुलिस के एसएचओ कमलेश कुमार ने बताया कि जतिन्द्र कुमार राही बस्ती रेलवे ट्रैक के नजदीक रहता था। बीती रात उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हो गया। उसके साले अमन कुमार ने अपने दोस्त काका सिंह को फोन करके कहा कि मेरी बहन के साथ मेरा जीजा लड़ाई झगड़ा कर रहा है। आप उसको जाकर छुड़वा दें। उनकी लड़ाई छुड़वाने के लिए काका सिंह उनके घर चला गया। जब वह पति-पत्नी को लडने से हटा रहा था तो जतिन्द्र कुमार ने उस पर राड से हमला कर दिया। जिसके बाद वह गंभीर रुप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया वह पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई बीरू सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के लिए मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा है जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।