You are currently viewing पंजाब समेत उत्तम भारत में कोहरे का कहर जारी, 528 ट्रेनें रद्द, लाखों यात्री परेशान

पंजाब समेत उत्तम भारत में कोहरे का कहर जारी, 528 ट्रेनें रद्द, लाखों यात्री परेशान

चंडीगढ़ः पंजाब में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले दो दिनों तक ठंड का कहर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब के ज्यादातर स्थानों पर सुबह के समय कोहरा छाया रहा। अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ समेत दोनों राज्यों के अधिकतर स्थानों में एक सप्ताह से दिन का तापमान भी सामान्य से छह से नौ डिग्री कम रह रहा है और यह 11 से 14 डिग्री से. के बीच दर्ज किया जा रहा है। यहां के एक बुजुर्ग निवासी बलदेव सिंह ने बताया, यहां इन दिनों बहुत ठंड पड़ रही है क्योंकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहे हैं। मैंने पिछले कुछ वर्षों में इतनी ठंड नहीं देखी। कोहरे से स्थिति और खराब हो गई है।

वहीं दिल्ली की बात करें तो शहर में सुबह मध्यम से घना कोहरा देखा गया। अधिकारियों ने कहा कि अधिकतम तापमान सामान्य 2.7 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से नौ डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में ठंड बढ़ने की संभावना है क्योंकि सप्ताहांत में पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। 16 दिसंबर के बाद से लगातार 9वां दिन ठंड का कहर बरकरार रहा। यह रिकॉर्ड 2003 में दर्ज किए गए रिकॉर्ड के बराबर है। गुरुवार को कड़ाके की ठंड का 10वां दिन है। इससे पहले दिल्ली में दिसंबर 1997 में लगातार 17 दिनों कड़ाके की ठंड पड़ी थी।

कोहरे का देश की यातायात व्यवस्था पर ब्रेक लगा दिया है। इसके चलते रोजाना कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ रहा है। हर साल की तरह इस बार भी ठंड व कोहरा शुरू होने पर यात्री ट्रेन का परिचालन पटरी से पूरी तरह उतर गया है। रेलवे ने दिसंबर से ही उत्तर भारत में यात्री ट्रेन रद्द करना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में बुधवार को रिकॉर्ड 528 यात्री ट्रेन आंशिक व पूर्ण रूप से रद्द कर दी गई। हालांकि रेलवे दावा करती है कि फॉगसेफ डिवाइस की मदद से घने कोहरे में भी यात्री ट्रेन समय पर चलाई जा सकेंगी। ट्रेन के रद्द करने से लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को 372 ट्रेन पूर्ण रूप व 156 ट्रेन आंशिक रूप से रद्द कर दी गईं। प्रभावित ट्रेन में मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट व पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं।