नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत और नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह की खुशी में झंडा लगा रहे पार्टी के कार्यकर्ता को कुछ अज्ञात लोगों के चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले की है। मामले की जांच के बाद पुलिस ने बताया मृतक की पहचान 50 वर्षीय सुशील मंडल के रूप में की गई है जो भाजपा का कार्यकर्ता बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार बीजेपी कार्यकर्ता सुशील मंडल मोदी के शपथ ग्रहण समारोह की खुशी में भाजपा के झंडे लगा रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया और उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस हत्याकांड के पीछे कोई राजनीतिक संबंध होने के सवाल पर पुलिस ने कहा कि एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा शख्स आरोपी है। इसे लेकर हमेशा की तरह राजनीतिक दोषारोपण का खेल हो रहा है। लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।