You are currently viewing बड़ी लापरवाही: कड़ी सुरक्षा के बावजूद लुधियाना में जेल की दीवार फांद कर फरार हुए चार कैदी, सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप

बड़ी लापरवाही: कड़ी सुरक्षा के बावजूद लुधियाना में जेल की दीवार फांद कर फरार हुए चार कैदी, सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप

लुधियाना (अश्विनी/अनिल): लुधियाना सेंट्रल जेल से कल रात चार कैदी दीवार फांद कर फरार हाे गये। पुलिस ने आज यहां बताया कि ये चारों अलग -अलग मामलों में सजा काट रहे हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चारों को भगाने में किसी न किसी की मिलीभगत है। चारों आरोपियों के फरार होने का पता उस समय चला जब सुबह बंदियों की गिनती होने लगी। इनकी रवि कुमार ,अमन कुमार ,सूरज कुमार ,अर्शदीप सिंह सीपा के रूप में इनकी पहचान की गई है। इसकी जानकारी होते ही जेल में तैनात सुरक्षा कर्मियों के हाथ पांव फूल गए।

चारों आरोपियों के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल सुपरिंटेंडेंट राजीव अरोड़ा और एडीसीपी 4 अजिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। थाना डिविजन सात पुलिस नेआरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है। जेल तथा पुलिस कर्मियों ने इनकी तलाश शुरू कर दी है । इनकी तलाश के लिये अलग अलग टीमों का गठन किया गया है। एडीसीपी अजिंदर सिंह ने यहां बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि कैदी कैसे जेल से भागे। जेल अधिकारी ने बताया कि कैदियों की बैरक के ताले खुले मिले थे। चारों कंबल के साथ रस्सी बांधकर दीवार फांदने में कामयाब हुए।