You are currently viewing डिस्को में हुई बहसबाजी, घर आकर DSP अतुल सोनी ने पत्नी पर चला दी गोली, मामला दर्ज

डिस्को में हुई बहसबाजी, घर आकर DSP अतुल सोनी ने पत्नी पर चला दी गोली, मामला दर्ज

चंडीगढ़ः पंजाब पुलिस के डीएसपी अतुल सोनी द्वारा घरेलू झगड़े के चलते अपनी पत्नी सुनीता सोनी पर फायरिंग करने का जानलेवा मामला सामने आया है। इस संबंधी पत्नी की शिकायत पर सैंट्रल थाना फेज 8 में डीएसपी अतुल सोनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 323 (हमला), 307 (हत्या का प्रयास), 498-ए (घरेलू हिंसा) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना पंजाब के मोहाली में अंजाम दी गई।

अतुल सोनी और उनकी पत्नी सुनीता में शनिवार रात चंडीगढ़ के एक डिस्क में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों में बहसबाजी और धक्कामुक्की तक हुई। इसके बाद दोनों मोहाली सेक्टर-68 स्थित घर गए। घर पहुंचकर डीएसपी सोनी ने पत्नी से मारपीट की और फिर उस पर गोली चला दी। हालांकी यह गोली पत्नी को नहीं लगी।

डीएसपी सोनी पीएपी की 13 बटालियन में तैनात है और पंजाब पुलिस में अपनी सेहत को लेकर काफी प्रसिद्ध है। फिलहाल सोनी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई पिस्तौल बरामद करके जांच शुरु कर दी है। उन्होंने बताया कि सोनी ने फायर के लिए प्राइवेट पिस्तौल का इस्तेमाल किया है। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। शिकायत के बाद फेज-8 थाना पुलिस डीएसपी सोनी के घर गई। जांच के दौरान एक गोली का खोल बरामद हुआ। कमरे का सामान भी बिखरा मिला। वारदात स्थल का निरीक्षण करने, गोली का खोल पाए जाने के बाद डीएसपी सोनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।