You are currently viewing अनिल अंबानी का बड़ा फैसला- राफेल पर कांग्रेस के खिलाफ किया पांच हजार करोड़ का केस लेंगे वापस

अनिल अंबानी का बड़ा फैसला- राफेल पर कांग्रेस के खिलाफ किया पांच हजार करोड़ का केस लेंगे वापस

अहमदाबादः राफेल मामले को लेकर अनिल अंबानी ने बड़ा फैसला किया है। वह कांग्रेस के खिलाफ किए मानहानि के मामले को वापस लेंगे। उन्होंने कांग्रेस के अखबार नेशनल हेराल्ड और कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ 5000 करोड़ रुपए का मानहानि का केस किया था। बता दें अनिल अंबानी ने पिछले साल अगस्त में राफेल मामले में कांग्रेस के स्वामित्व वाले अखबार नेशनल हेराल्ड के खिलाफ ये मुकदमा दायर किया था। ये मानहानि का मुकदमा अहमदाबाद की अदालत में दर्ज है।

रिलायंस समूह के वकील रासेस पारीख ने बताया, हमने बचाव पक्ष को इस बात से अवगत करा दिया है कि हम उनके खिलाफ दायर मानहानि के मामले को वापस लेने जा रहे हैं। बता दें कि रिलायंस डिफेंस, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस एयरोस्ट्रक्चर कंपनियां रिलायंस समूह के तहत आती हैं। इन तीनों कंपनियों ने कांग्रेस नेताओं सुनील जाखड़, रणदीप सिंह सुरजेवाला, ओमान चांडी, अशोक चव्हाण, अभिषेक मनु सिंघवी, संजय निरुपम और शक्तिसिंह गोहिल, कुछ पत्रकारों और कांग्रेस पार्टी से जुड़े अखबार नेशनल हेराल्ड के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था।

मुकदमे में अंबानी की कंपनी की ओर से आरोप लगाया था कि अखबार ने ‘राफेस सौदे से 10 दिन पहले अनिल अंबानी ने बनाई रिलायंस डिफेंस’ नाम से एक फर्जी और अपमानजनक आर्टिकल छापा था। दायर मुकदमे में कंपनियों ने आरोप लगाया है कि मोदी के राफेल सौदे के एलान से 10 दिन पहले अनिल अंबानी ने बनाई रिलायंस डिफेंस शीर्षक नामक लेख झूठ और अपमानजनक है। यह लेख जनता को गुमराह करने वाला है। यह रिलायंस समूह और चेयरमैन अनिल अंबानी की नकारात्मक छवि को प्रदर्शित करता है और इसका जनता के मन पर गलत असर पड़ेगा।

लेख से लगता है कि सरकार ने कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए यह करार किया जोकि गलत है। समाचार पत्र के लेख से कंपनी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। इसलिए 5000 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति की जाए।